मां के आंसू बने खुशी में, कृष्णा नगर पुलिस ने 5 घंटे में ढूंढ निकाली 6 साल की मासूम।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कृष्णा नगर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए महज 5 घंटे के अंदर 6 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। परिजनों पुलिस का आभार व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 11 बजे हीरा देवी पत्नी संजय चौधरी, निवासी गीतापल्ली, आजाद नगर, थाना कृष्णा नगर ने थाने में सूचना दी कि उनकी 6 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी सुबह 9 बजे से खेलते-खेलते कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के निर्देश पर आजाद नगर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई गौरव कुमार सिंह मय हमराह कांस्टेबल छविनाथ सिंह ने तत्काल गीतापल्ली, आजाद नगर, पकरी पुलिया सहित आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने लखनऊ के सभी मीडिया ग्रुप में बच्ची की फोटो प्रसारित की। मीडिया के सहयोग से सूचना मिली कि खजाना चौराहे पर पीला टॉप पहने एक बच्ची रो रही है और वहां भीड़ लगी है। सूचना पर आशियाना क्षेत्र में तत्काल तलाश कर पुलिस ने बच्ची रोशनी कुमारी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को उसकी मां हीरा देवी को सुपुर्द कर दिया। बच्ची को पाकर मां की आंखों में गमी के आंसू खुशी के आंसू में बदल गये। इस सफलता के बाद पुलिस ने सभी मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से मासूम को 5 घंटे के अंदर उसकी मां से मिलाया जा सका। 


 रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.