पक्का पुल से आईआईएम तक बंधा का बहुत जल्द होगा शिलान्यास, बाढ़ की समस्या से मिलेगी स्थायी मुक्ति: राजनाथ सिंह
लखनऊ : केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह गुरुवार को फैजुल्लागंज पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित नागरिकों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने में थोड़ा धैर्य रखना होगा, क्योंकि इतनी बड़ी समस्या का समाधान चुटकी बजाते ही नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी बातचीत हो चुकी है और बांध निर्माण की पूरी योजना तैयार है। बहुत जल्द पक्का पुल से आईआईएम तक बांध निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।
रक्षामंत्री ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ की जानकारी मिलते ही वह लगातार यहां के हालात पर नजर रख रहे थे। स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, उनकी टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। उन्होंने विधायक डॉ. नीरज बोरा से कहा कि आपदा की इस घड़ी में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार की आवश्यकता को समझते हुए उस तक मदद पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। रक्षामंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वह निरंतर क्षेत्रवासियों की सेवा करते रहेंगे।
राजनाथ सिंह ने भावुक अंदाज में फैजुल्लागंज के नागरिकों से कहा कि उनकी सहायता करना कोई एहसान नहीं है, बल्कि हम सभी का फर्ज है। मतदाताओं के रूप में आप सभी का हम पर अहसान है। जनता ने जो विश्वास जताया है, वह सम्मान और जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने कहा कि वह यहां लोगों को यह भरोसा दिलाने आए हैं कि इस कठिन समय में सभी उनके साथ खड़े हैं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि फैजुल्लागंज में बांध बनने से क्षेत्रवासियों को बार-बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करने से राहत मिलेगी और इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जायेगी।
स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ वासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि एक अभिभावक के रूप में रक्षा मंत्री जी हम सभी के बीच में हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन रक्षामंत्री जी को फैजुल्लागंज में बाढ़ आने की जानकारी मिली, उसी दिन से वह क्षेत्र के हालात को लेकर लगातार चिंतित थे और स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
डॉ. बोरा ने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से यह क्षेत्र हमेशा के बाढ़मुक्त हो जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह और उनकी टीम प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। जरूरतमंदों की सहायता के लिए जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा और लोगों को संकट से उबारने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों को राहत पहुंचाना, उनकी जरूरतों को पूरा करना और उन्हें सुरक्षित जीवन की ओर लौटने में सहयोग देना सामूहिक जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधायक योगेश शुक्ला, ओ.पी. श्रीवास्तव, ओएसडी के.पी. सिंह, रक्षामंत्री के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, राघवेंद्र शुक्ला, श्याम किशोर दास, राम अवतार कनौजिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मुकेश

No Previous Comments found.