वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनकी सेवा और सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी : डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’

मोहनलालगंज/लखनऊ : बुजुर्गों के जीवन को आसान बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को मोहनलालगंज कस्बे के पाण्डेय कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण हेतु पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र, लखनऊ एवं जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ने की पहल की गई। शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई।शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को चलने-फिरने, सुनने, देखने तथा दैनिक जीवन की अन्य गतिविधियों में आने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण कराया गया। इनमें छड़ी, वॉकर, व्हीलचेयर, कान की मशीन, चश्मा, सीट सहित छड़ी, कमोड सहित व्हीलचेयर, सिलिकॉन फॉर्म, तकिया, नी-ब्रेस, स्पाइनल सपोर्ट, सर्वाइकल कॉलर सहित अन्य उपयोगी उपकरण शामिल रहे। इन उपकरणों के माध्यम से शारीरिक परेशानियों का सामना कर रहे बुजुर्गों को राहत पहुंचाने और उनकी दूसरों पर निर्भरता कम करने का प्रयास किया जा रहा है।इस अवसर पर जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के प्रबंधक डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से ही समाज को नई दिशा मिलती है। जीवन के इस पड़ाव पर बुजुर्गों को सबसे अधिक सम्मान, सहयोग और सहारे की आवश्यकता होती है। ऐसे में उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी पहल है। उम्र बढ़ने के साथ कई बुजुर्गों को चलने-फिरने, सुनने और अन्य दैनिक कार्यों को करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई लोग आवश्यक सहायक उपकरण नहीं खरीद पाते। ऐसे जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।डॉ. अजय पाण्डेय ने कहा कि जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट समाजसेवा के संकल्प के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत है। ट्रस्ट की प्राथमिकता है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र बुजुर्ग जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए ट्रस्ट प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम प्रभारी एवं समाजसेवी अवधेश कुमार साहू ने बताया कि शिविर का आयोजन विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखकर किया गया है, जिन्हें बढ़ती उम्र के कारण शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्गों के लिए बिना सहारे चलना, उठना-बैठना और रोजमर्रा के कार्य करना मुश्किल हो जाता है। वहीं सुनने और देखने की क्षमता प्रभावित होने से भी उन्हें अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।ऐसी परिस्थितियों में छड़ी, वॉकर, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, चश्मा और अन्य सहायक उपकरण बुजुर्गों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं। इनकी सहायता से वे अपने दैनिक कार्य अपेक्षाकृत आसानी से कर सकेंगे और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन व्यतीत कर सकेंगे।अवधेश कुमार साहू ने बताया कि शिविर के माध्यम से पात्र वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर उन्हें आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की कि वे राष्ट्रीय वयोश्री योजना की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर योजना का लाभ उठाएं।मोहनलालगंज में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य केवल बुजुर्गों का पंजीकरण करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना भी रहा। आयोजकों ने बताया कि उम्र के अंतिम पड़ाव पर शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण किसी बड़े सहारे से कम नहीं होते। इन उपकरणों से उनकी दैनिक दिनचर्या आसान होने के साथ जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है।

जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र की इस संयुक्त पहल के माध्यम से पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र, लखनऊ के नोडल अधिकारी श्याम मोहन शुक्ला, सहयोगी लिपू दलाई, जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के प्रबंधक डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’, कार्यक्रम प्रभारी एवं समाजसेवी अवधेश कुमार साहू, ट्रस्ट के पदाधिकारी विपिन यादव, शिवम साहू सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे। सभी ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

रिपोर्टर : धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.