निचलौल एसडीएम का औचक निरीक्षण: फार्मर रजिस्ट्री में पारदर्शिता पर जोर

महराजगंज : जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र में गुरुवार को उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने कटहरी खुर्द और बलहिखोर पंचायत भवनों का औचक निरीक्षण कर चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसे अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह कार्य हल्का लेखपाल आशीष पाल और राजस्व निरीक्षक के समन्वय में संचालित किया जा रहा है।

एसडीएम ने वहां उपस्थित किसानों से संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी भी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखी जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।

उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि सभी पात्र किसानों का नाम रजिस्ट्री में सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान कटहरी खुर्द के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष पासवान और बलहिखोर के ग्राम प्रधान नागेश्वर चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.