गिरजेश जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, सिसवा में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकली जागरूकता रैली

महराजगंज - सिसवा में शुक्रवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से हुई, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन को बढ़ावा देना था।

बीआरसी परिसर में सिसवा नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने शिक्षकों व अभिभावकों से ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ के सिद्धांत को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। रैली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने ‘स्कूल चलें हम’, ‘सब पढ़ो, सब बढ़ो’ और ‘पढ़ी-लिखी लड़की, रोशनी घर की’ जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया। यह रैली रोडवेज बस स्टैंड, हनुमानगढ़ी, गोपाल नगर, अमरपुरवा, रेलवे स्टेशन रोड और स्टेट बैंक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः बीआरसी परिसर पहुंची।

इस दौरान बच्चों के हाथों में शिक्षा के महत्व को दर्शाती तख्तियां थीं, जिनके माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी वंशीधर सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मिश्र, मंत्री धीरज कुमार शाही, एआरपी अरविंद जायसवाल, सरस, सूरज यादव, अरुण सिंह, सूर्यभान, प्रीति राय, वीरेंद्र दुबे,सरिता सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।


रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.