सिसवा में विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन, पहलवानों ने दिखाए दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेंच

महराजगंज : विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को सिसवा नगरपालिका परिषद के लालबहादुर शास्त्री खेल मैदान, सबया ढाला में विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल में स्थानीय और बाहरी पहलवानों ने अपने दमखम, फुर्ती और पारंपरिक दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।

दंगल का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति और ग्रामीण खेल परंपरा की गौरवशाली धरोहर है। आधुनिकता के दौर में पारंपरिक खेलों को संरक्षित करना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी पारंपरिक खेलों से जोड़ने का काम करते हैं।

दंगल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, कानपुर, बनारस, अयोध्या, बिहार, गोरखपुर और नेपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला एवं पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों के बीच एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहलवानों ने अपने कौशल और दमखम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, बाल पहलवानों के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहे। कम उम्र के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा और कुश्ती के हुनर से खूब वाहवाही बटोरी।

दंगल में रामकेश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर वार्ड सभासद अभिमन्यु चौरसिया ने पहलवानों, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सभासद छबिलाल यादव, जयराम प्रसाद, नंदू चौरसिया, हासिम अंसारी, भगवंत प्रसाद, वीरेंद्र दूबे सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

विजयादशमी के उत्सवी माहौल में आयोजित इस विराट कुश्ती दंगल ने एक बार फिर सिसवा क्षेत्र में पारंपरिक खेलों के प्रति लोगों के उत्साह को प्रदर्शित किया। आयोजन ने ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.