छठ महापर्व को लेकर सिसवा में तैयारियां तेज, नगर के सभी घाटों पर सफाई अभियान जारी
महराजगंज : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व सूर्यषष्ठी डाला छठ को लेकर सिसवा नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका परिषद प्रशासन ने नगर क्षेत्र के सभी 23 छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू करा दिया है।
पिछले दो दिनों से नगर पालिका के कर्मचारी विभिन्न छठ घाटों की सफाई, आसपास की गंदगी हटाने और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने में जुटे हुए हैं। नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित छठ घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
इसी क्रम में सबया वार्ड नंबर-1 में भी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर विशेष सक्रियता दिखाई दे रही है। वार्ड सभासद अभिमन्यु चौरसिया एवं प्रतिनिधि जयराम कन्नौजिया की मौजूदगी में वार्ड की व्यवस्थाओं और छठ घाटों की तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है।
नगरपालिका क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों में मीराबाई नगर वार्ड स्थित श्रीरामजानकी मंदिर छठ घाट, पोखरा टोला छठ घाट और लोहिया नगर स्थित खेेखड़ा नाला छठ घाट प्रमुख हैं। इन घाटों पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन इन स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी 23 छठ घाटों पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्व से पहले सभी घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, छठ महापर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के अनुसार सभी छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस गश्त करेगी तथा अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन और पुलिस विभाग की तैयारियों से श्रद्धालुओं को छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में मनाने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.