पुणे के ‘कैंप बर्गर’ में मिला कॉकरोच, ग्राहक की शिकायत पर भी लापरवाही – खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
हवेली : पुणे में अपने पसंदीदा खाने के लिए मशहूर कैंप इलाके के ‘कैंप बर्गर’ में एक बेहद चौंकाने वाली और घिनौनी घटना सामने आई है। एक ग्राहक द्वारा मंगाए गए बर्गर में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि जब ग्राहक ने इस घटना को लेकर होटल प्रबंधन से जवाब मांगा, तो उन्होंने कोई खेद या माफी व्यक्त नहीं की। उल्टा उन्होंने लापरवाही भरा रवैया अपनाते हुए “दूसरा बर्गर ले लीजिए” जैसी गैरजिम्मेदाराना पेशकश की।
इस घटना के बाद नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे मामलों पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर खाद्य एवं औषध प्रशासन (FDA) कब कार्रवाई करेगा?
जानकारी के अनुसार, संबंधित ग्राहक हाल ही में कैंप बर्गर गया था। ऑर्डर किए गए बर्गर को खाते समय उसमें कॉकरोच मिलने से वह हैरान रह गया। यह घटना बेहद खतरनाक और घिनौनी थी, क्योंकि इससे विषबाधा और जान का खतरा भी हो सकता था।
इसके बावजूद होटल प्रबंधन ने इस गंभीर मामले को हल्के में लिया। उन्होंने न तो माफी मांगी और न ही जिम्मेदारी स्वीकार की, बल्कि ग्राहक को दूसरा बर्गर देने की बात कहकर मामले को दबाने की कोशिश की। हालांकि, ग्राहक ने सतर्कता दिखाते हुए इस पूरी घटना के फोटो (फोटोग्राफिक प्रूफ) अपने मोबाइल में कैद कर लिए हैं।
यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कैंप बर्गर में स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना चिंता का विषय बन गया है।
अब पुणे के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंप बर्गर की सख्त खाद्य सुरक्षा जांच (फूड सेफ्टी ऑडिट) की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर : यश सोलंकी

No Previous Comments found.