बढ़ती गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग की अपील: “हीट स्ट्रोक से सावधान रहें, अपनी सेहत का रखें खास ध्यान”

गडचिरोली :  जिले के सामान्य अस्पताल, ग्रामीण अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ‘हीट स्ट्रोक कक्ष’ तैयार जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को हीट स्ट्रोक (उष्माघात) से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है। भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप शिंदे और साथरोग अधिकारी डॉ. रुपेश पेंदाम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तैयार
हीट स्ट्रोक के मरीजों को तत्काल और प्रभावी उपचार मिल सके, इसके लिए जिले के सामान्य अस्पताल, सभी ग्रामीण अस्पतालों (RH) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में विशेष ‘हीट स्ट्रोक कक्ष’ स्थापित किए गए हैं। इन कक्षों में विशेष बेड, कूलर/एसी, पर्याप्त मात्रा में ORS, आईवी फ्लूइड्स और आवश्यक दवाओं का इंतजाम किया गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप शिंदे ने बताया कि दूर-दराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए हर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि खेतों या बाहर काम करने वाले लोग नियमित रूप से पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। किसी को चक्कर या अस्वस्थता महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार लें।
वहीं, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने कहा कि शरीर में पानी की कमी से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है, इसलिए नागरिक दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। सभी अस्पताल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण
शरीर का तापमान अचानक बढ़ना
चक्कर आना, उल्टी या मितली
तेज सिरदर्द और अत्यधिक प्यास
पेशाब कम होना
सांस लेने में तकलीफ और दिल की धड़कन तेज होना
गंभीर स्थिति में भ्रम या बेहोशी
क्या करें
बाहर जाते समय सिर ढकें (टोपी/गमछा/छाता)
पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी या नारियल पानी पिएं
हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें
दोपहर 12 से 4 बजे तक घर या छांव में रहें
क्या न करें
तेज धूप में भारी काम करने से बचें
बच्चों या पालतू जानवरों को बंद वाहन में न छोड़ें
शराब, चाय, कॉफी और ज्यादा शक्कर वाले पेय से परहेज करें
नंगे पैर बाहर न निकलें
विशेष अपील
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि हीट स्ट्रोक एक गंभीर चिकित्सा आपात स्थिति है। यदि किसी में इसके लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल के हीट स्ट्रोक कक्ष में भर्ती कराएं या 108/102 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क करें।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.