जेजुरी-मोरगांव रोड पर हादसों का ‘ब्लैक स्पॉट’ बना चाचर मळा जंक्शन
महाराष्ट्र/ पुरंदर (पुणे) : पुणे जिले के जेजुरी-मोरगांव मार्ग पर स्थित चाचर मळा जोड़ सड़क क्षेत्र अब लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पिछले छह महीनों में इस क्षेत्र में यह सातवां सड़क हादसा बताया जा रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण चाचर मळा जोड़ सड़क को अब बेहद खतरनाक मार्ग माना जाने लगा है। नागरिकों का कहना है कि यह जोड़ सड़क होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों की दिशा और गति का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिसकी वजह से बार-बार हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से इस स्थान पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, दिशादर्शक संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं लगाने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि लगातार दुर्घटनाएं होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जेजुरी-बारामती मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से भी इस क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो यहां कभी भी बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है।
रिपोर्टर : प्रा. संतोष जगताप


No Previous Comments found.