अहेरी प्रभाग 9 पोटनिवडणूक : भाजपा की ओर से मायाताई येल्लूरकर ने दाखिल किया नामांकन

गडचिरोली : अहेरी नगर पंचायत के प्रभाग क्रमांक 9 की होने वाली पोटनिवडणूक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सौ. मायाताई शंकर येल्लूरकर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने यह नामांकन पूर्व पालकमंत्री मा. राजे अंब्रीशराव महाराज के मार्गदर्शन में नगर पंचायत अहेरी के चुनाव निर्णय अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

नामांकन दाखिल करने के दौरान अहेरी शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, नगरसेवक, महिला कार्यकर्ता तथा समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। नामांकन रैली के दौरान भाजपा समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में नारेबाजी करते हुए आगामी चुनाव में जीत का विश्वास व्यक्त किया।
गौरतलब है कि भाजपा नगरसेविका सुनीता किशोर मंथनवार के कुछ महीने पूर्व आकस्मिक निधन होने के कारण प्रभाग क्रमांक 9 की यह सीट रिक्त हुई थी। इसी रिक्त स्थान के लिए आगामी 20 जून को पोटनिवडणूक आयोजित की जाएगी। इस चुनाव को लेकर स्थानीय राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा की ओर से मायाताई येल्लूरकर को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रभाग में चुनावी मुकाबला रोचक होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि दिवंगत नगरसेविका सुनीता मंथनवार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनता के विश्वास के आधार पर पार्टी को इस चुनाव में सफलता मिलेगी।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई थी तथा प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.