दो जटिल ओवेरियन ट्यूमर सर्जरी सफल, महिला मरीजों को मिला नया जीवन
गडचिरोली : महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री श्री प्रकाश आबिटकर के निर्देशानुसार जिला सामान्य अस्पताल, गडचिरोली में कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों की शस्त्रक्रियाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने लगातार दो अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ओवेरियन ट्यूमर (अंडाशय की गांठ) की सफल सर्जरी कर मरीजों को नया जीवन दिया है।
इस उपलब्धि से यह साबित हो गया है कि अब गडचिरोली जैसे दूरस्थ जिले में भी मरीजों को नागपुर अथवा बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा उन्हें उच्च स्तरीय उपचार स्थानीय स्तर पर ही नि:शुल्क उपलब्ध हो रहा है।
65 वर्षीय महिला की जटिल सर्जरी सफल
जिला अस्पताल में भर्ती एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला के पेट में अंडाशय की बड़ी गांठ (ओवेरियन ट्यूमर) पाई गई थी। मरीज की आयु और गांठ की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।
जिला शल्य चिकित्सक एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा लहाड़े के मार्गदर्शन में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक यह सर्जरी पूरी की। इस दौरान डॉ. आकाश, डॉ. शरद और डॉ. मानसी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. मित्तल और डॉ. सुकेशनी ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। वहीं ऑपरेशन थिएटर इंचार्ज माधुरी गेडाम और किरण सिस्टर ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। सर्जरी के बाद महिला मरीज की हालत पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है तथा स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
26 वर्षीय युवती के दुर्लभ कैंसरयुक्त ट्यूमर पर जीत
इसी अभियान के अंतर्गत ग्रामीण अस्पताल धानोरा से रेफर की गई 26 वर्षीय महिला मरीज की भी जिला अस्पताल में अत्यंत जटिल सर्जरी की गई। युवती को पेट में तेज दर्द की शिकायत थी और उसके पेट में लगभग 24 सप्ताह की गर्भावस्था जितनी बड़ी गांठ महसूस हो रही थी।
सीटी स्कैन और सोनोग्राफी जांच में उसके दाहिने अंडाशय में ठोस एवं द्रव मिश्रित बड़ी गांठ (राइट ओवेरियन सॉलिड सिस्टिक मास) पाई गई। प्रारंभिक जांच में ‘ट्यूबो-ओवेरियन एब्सेस’ की आशंका भी जताई जा रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल ‘एक्सप्लोरेटरी लैप्रोटॉमी’ तथा दाहिने अंडाशय को निकालने की सर्जरी सफलतापूर्वक की। यह ऑपरेशन मुख्य शल्य चिकित्सक डॉ. मयूर दुधे, प्रथम सहायक डॉ. कृणाल चेंदकापुरे, द्वितीय सहायक एस/एन सुमेध कांबळे, तृतीय सहायक एस/एन प्रियांका मडावी और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अंकिता भावते की टीम द्वारा किया गया।
सर्जरी के बाद जांच रिपोर्ट में यह गांठ दुर्लभ प्रकार का कैंसर ‘मिक्स्ड जर्म सेल ट्यूमर’ निकला, जिसमें 90 प्रतिशत ‘योल्क सैक ट्यूमर’ और 10 प्रतिशत ‘एम्ब्रायोनल सेल कार्सिनोमा’ पाया गया। डॉक्टरों की तत्परता और कुशल उपचार के कारण कैंसरयुक्त गांठ को समय रहते शरीर से पूरी तरह निकाल दिया गया, जिससे मरीज की जान बचाई जा सकी।
गरीब मरीजों को मिला बड़ा राहत
जिला सामान्य अस्पताल में अब कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी शुरू होने से गडचिरोली एवं आसपास के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ा आर्थिक राहत मिल रहा है। निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च होने वाली जटिल सर्जरी अब जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में पूरी तरह नि:शुल्क और सफलतापूर्वक की जा रही है।
इन दोनों सफल शस्त्रक्रियाओं के बाद जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े सहित डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की पूरी टीम की हर स्तर पर सराहना और अभिनंदन किया जा रहा है।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.