करोड़ों रुपये खर्च के बावजूद घटिया सड़क निर्माण; चामोर्शी–गडचिरोली मार्ग पर ‘स्टेपलर’ लगाकर मरम्मत शुरू

महाराष्ट्र :  सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए चामोर्शी–गडचिरोली राष्ट्रीय मार्ग की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सड़क निर्माण को ज्यादा समय भी नहीं बीता है, लेकिन जगह-जगह सड़क में दरारें पड़ना, कंक्रीट उखड़ना और बीच सड़क में लंबी फटें दिखाई देना शुरू हो गया है। इन दरारों को भरने के लिए अब सड़क पर लोहे के ‘स्टेपलर’ लगाकर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों द्वारा सामने आई तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क के बीचों-बीच बड़े पैमाने पर लोहे के स्टेपलर लगाकर अस्थायी मरम्मत की जा रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क की इतनी जल्दी खराब हालत होने से लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

नागरिकों का कहना है कि यदि शुरुआत से ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया गया होता, तो आज इस तरह सड़क पर स्टेपलर लगाने की नौबत नहीं आती। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या सरकारी धन का उपयोग केवल दिखावटी विकास कार्यों के लिए किया जा रहा है? साथ ही संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही, यह भी बड़ा सवाल बन गया है।

हजारों वाहन चालकों की जान जोखिम में

चामोर्शी–गडचिरोली मार्ग जिले का महत्वपूर्ण सड़क मार्ग माना जाता है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क में आई दरारें और लगातार की जा रही पैबंद मरम्मत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पूरे सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी जोर पकड़ रही है।

नागरिकों ने शासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से सीधा सवाल किया है —

“जब करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी सड़कें टिक नहीं पा रहीं, तो जनता के टैक्स के पैसों का हिसाब कौन देगा?”

अब देखना यह होगा कि शासन इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.