विश्व साइकिल दिवस पर सीआरपीएफ की फिट इंडिया साइकिल रैली, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

महाराष्ट्र :  विश्व साइकिल दिवस एवं ‘फिट इंडिया साइकिल अभियान’ के अवसर पर गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत प्राणहिता क्षेत्र में सीआरपीएफ की 09वीं एवं 37वीं बटालियन द्वारा संयुक्त रूप से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति का संदेश दिया गया।

यह अभियान 09वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री शंभू कुमार के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमांडेंट श्री रविंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत 09वीं एवं 37वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने अहेरी से आलापल्ली तक साइकिल रैली निकालकर नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और स्थानीय समुदाय में स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सुदृढ़ता तथा साइकिल जैसे प्रदूषण-मुक्त परिवहन साधनों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में दोनों बटालियनों के अधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘फिट इंडिया अभियान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कमांडेंट श्री शंभू कुमार ने कहा कि साइकिल चलाना केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा संभव है।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ, सक्रिय एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ किया गया। सीआरपीएफ द्वारा आयोजित इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और इसे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.