प्राणहिता से आलापल्ली तक सीआरपीएफ की संयुक्त फिट इंडिया साइकिल रैली

गडचिरोली :  फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 09वीं एवं 37वीं वाहिनी द्वारा संयुक्त रूप से प्राणहिता से आलापल्ली तक फिट इंडिया साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 09वीं वाहिनी के मुख्यालय प्राणहिता, अहेरी से किया गया।

रैली का आयोजन 09वीं वाहिनी सीआरपीएफ के कमांडेंट श्री शंभु कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर दोनों वाहिनियों के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साह और अनुशासन के साथ साइकिल रैली में सहभागिता की।

साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य जवानों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। इसके साथ ही साइकिल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक ‘फिट इंडिया’, ‘स्वस्थ भारत’ और ‘स्वच्छ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती और अनुशासित जीवनशैली के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर कमांडेंट श्री शंभु कुमार ने कहा कि “फिटनेस केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बेहतर कार्यक्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन का आधार भी है।” उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।

प्राणहिता से आलापल्ली तक आयोजित इस साइकिल रैली में सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे जोश के साथ भाग लेते हुए स्वस्थ, स्वच्छ और फिट भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.