जूते की दुकान से गांजे का कारोबार! श्रीगोंदा में क्राइम ब्रांच की छापेमारी, 2 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

अहिल्यानगर : महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के श्रीगोंदा शहर में अवैध गांजा बिक्री के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। गोदडे महाराज मठ के पास स्थित साईसेवा फुटवेअर दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने 2 किलो 167 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में सागर अविनाश बोराडे (34), निवासी लोहार गली, श्रीगोंदा को हिरासत में लिया गया है। जब्त किए गए गांजे और अन्य सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 8 हजार 400 रुपये बताई गई है। वहीं, मामले में कथित रूप से शामिल अक्षय नाम का एक अन्य संदिग्ध फरार है।

पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन के निर्देश पर अहिल्यानगर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्थानीय अपराध शाखा की टीम सक्रिय थी। इसी दौरान 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि श्रीगोंदा के साईसेवा फुटवेअर दुकान से गांजे की बिक्री की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय अपराध शाखा ने श्रीगोंदा पुलिस थाने को लिखित रिपोर्ट दी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कपड़े की थैली में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से 2 किलो 167 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार 350 रुपये बताई गई है, तथा 50 रुपये की कपड़े की थैली जब्त की। इस तरह कुल 1 लाख 8 हजार 400 रुपये का माल बरामद किया गया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सागर बोराडे ने कथित तौर पर गांजा जामखेड तालुका के चौंडी निवासी अक्षय नामक व्यक्ति से प्राप्त करने की जानकारी दी। हालांकि, संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम अभी सामने नहीं आया है। पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश कर रही है।

इस मामले में श्रीगोंदा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 923/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने (NDPS Act), 1985 की धारा 8(c) और 20(b)(ii) के तहत मामला दर्ज किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक वैभव कलुबर्मे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा, अहिल्यानगर तथा श्रीगोंदा पुलिस थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने की।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार संदिग्ध की तलाश की जा रही है।

रिपोर्टर : अमर घोडके

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.