दुर्गम आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों की ऐतिहासिक उड़ान! GREAT परीक्षा में चिंचेला स्कूल के तीन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
मूलचेरा (गडचिरोली) : अतिदुर्गम एवं आदिवासी बहुल मूलचेरा तहसील के जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय चिचेला (केंद्र सुंदरनगर) के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नई उपलब्धि हासिल की है। डॉ. होमी भाभा फाउंडेशन के अंतर्गत आयोजित कठिन मानी जाने वाली अंग्रेजी माध्यम की GREAT (ग्रेट) परीक्षा में विद्यालय के तीन होनहार विद्यार्थियों ने लेवल-1 परीक्षा उत्तीर्ण कर सीधे लेवल-2 में प्रवेश प्राप्त किया है।
सफल विद्यार्थियों के नाम इस प्रकार हैं—
1. कु. आरोही सडमेक
2. कु. लावण्या सिडाम
3. चि. तिरुपति आत्राम
विशेष बात यह है कि मूलभूत शहरी सुविधाओं से दूर स्थित इस आदिवासी बहुल क्षेत्र के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी माध्यम की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है।
इन विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि से यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे विद्यालयों की मोहताज नहीं होती। यदि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और शिक्षा का अवसर मिले, तो ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी बड़ी से बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला परिषद के सरकारी विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कोई कमी नहीं है, यह बात चिंचेला विद्यालय के इन तीनों विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सफलता से साबित कर दिखाई है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर तीनों सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शन करने वाले समस्त शिक्षक वृंद का ग्रामवासियों एवं शिक्षकों की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया जा रहा है। साथ ही आगामी लेवल-2 परीक्षा के लिए तीनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल सफलता की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
ग्रामीण और आदिवासी अंचल की इन नन्हीं प्रतिभाओं की सफलता निश्चित ही क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
रिपोर्टर : मारोती कोलावार मुलचेरा

No Previous Comments found.