जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय चिचेला में 'संविधान दिवस' हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मुलचेरा (प्रतिनिधि) : जिला परिषद प्राथमिक शाला चिचेला, तहसील मुलचेरा, जिला गड़चिरोली में 26 नवंबर को भारतीय संविधान दिवस विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत सदस्य श्री विलास सडमेक के हस्ते किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक श्री संजय कोंकमुट्टीवार एवं सहशिक्षिका कु. संगीता श्रीकोंडावार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से दिनभर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में गांव में संविधान जागरूकता प्रभात फेरी एवं संविधान दिंडी निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संविधान के प्रति जनजागृति का संदेश दिया। इस दौरान एक विद्यार्थी द्वारा भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की आकर्षक वेशभूषा धारण करना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के उपलक्ष्य में सुंदर पुष्प रंगोलियां बनाईं। वहीं संविधान की प्रमुख विशेषताओं, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को दर्शाने वाला 'संविधान का वृक्ष' तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
इसके साथ ही उपस्थित मान्यवरों के हस्ते डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा एवं भारतीय संविधान ग्रंथ का पूजन कर उन्हें विनम्र अभिवादन किया गया। विद्यार्थियों के संवैधानिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए संविधान पर आधारित 25 प्रश्नों की विशेष प्रश्नमंजुषा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
मुख्याध्यापक श्री संजय कोंकमुट्टीवार, सहशिक्षिका कु. संगीता श्रीकोंडावार एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुता की भावना विकसित करने का सराहनीय प्रयास किया गया।
रिपोर्टर : मारोती कोलावार

No Previous Comments found.