अतिदुर्गम रसपल्ली गांव में गूंजा संविधान का जयघोष: समता सैनिक दल की अगुवाई में निकली भव्य संविधान सम्मान रैली

 गड़चिरोली :भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समानता और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर अहेरी तहसील मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित अतिदुर्गम एवं आदिवासी बहुल रसपल्ली (जिमलगट्टा) गांव में संविधान दिवस बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर समता सैनिक दल के सैनिकों की प्रमुख उपस्थिति में गांव में भव्य संविधान सम्मान रैली निकाली गई। रैली में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने हाथों में संविधान के संदेश लिखे फलक, संविधान के बैनर तथा भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान 'भारतीय संविधान जिंदाबाद', 'डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अमर रहें' और 'जय भीम' के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। समता सैनिक दल की ओर से अनुशासित पथ संचलन भी किया गया।

संविधान सम्मान रैली का शुभारंभ समता सैनिक दल के सैनिकों की उपस्थिति में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर एवं माता रमाई आंबेडकर की प्रतिमाओं पर समता सैनिक दल की सैनिक सौ. यशोदा अल्लुरी एवं सौ. किमला दुर्गे के हस्ते माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हनमंतु दुर्गे ने की, जबकि उद्घाटन सौ. ललीता चालूरकर के हस्ते किया गया। प्रमुख अतिथि के रूप में सौ. सुनीता रामटेंकी, शीला नरेंद्र जनगम, निर्मला दुर्गे एवं सुमित्रा मुंजमकर उपस्थित रहीं। प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में श्री वेंकंटी बोरकुट ने उपस्थित नागरिकों को मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन सौ. यशोदा अल्लुरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री अशोक दुर्गे ने किया।

विकास की चुनौतियों के बीच संविधान के प्रति जागरूकता की मिसाल

विशेष उल्लेखनीय बात यह है कि रसपल्ली जैसा अतिदुर्गम गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियों से जूझ रहा है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी इस गांव में बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इसके बावजूद यहां के नागरिकों ने संविधान दिवस को जिस उत्साह, एकजुटता और सामाजिक जागरूकता के साथ मनाया, वह निश्चित रूप से प्रेरणादायक है।

दिनभर चले इस आयोजन का समापन शाम 5 बजे हुआ। इसके पश्चात ठीक रात 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

दुर्गम क्षेत्र में संविधान, समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों के प्रति ग्रामीणों की आस्था और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.