मैहर पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल,मां शारदा के दरबार में टेका माथा
मैहर - मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल शनिवार को विश्व प्रसिद्ध मां शारदा शक्तिपीठ,मैहर पहुंचे। यहां उन्होंने मां शारदा देवी के दरबार में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली,शांति तथा जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मां शारदा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास और नागरिकों के सुखद एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भी उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय विषयों पर चर्चा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियां भी चाक-चौबंद रहीं। इस अवसर पर मैहर विधायक श्री कांत चतुर्वेदी,भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। दर्शन-पूजन के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मैहर से कटनी के लिए रवाना हुए।
संवाददाता – प्रशांत उपाध्याय
No Previous Comments found.