झोपड़ी में जमीन पर बैठे कलेक्टर, दीदियों के गीत ने बयां की आत्मनिर्भरता की कहानी

मंडला : मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड के ग्राम सकरी में महिलाओं द्वारा संचालित सामुदायिक पोषण वाटिका आज आजीविका और आत्मनिर्भरता का सफल मॉडल बनकर उभर रही है। इसी पहल का जायजा लेने कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सफेद पलाश समूह की महिलाओं से जमीन पर बैठकर उनकी गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान समूह की महिलाओं ने पोषण वाटिका पर स्वयं रचित गीत प्रस्तुत किया। महिलाओं के इस अनूठे प्रयास और रचनात्मकता से प्रभावित कलेक्टर ने उनकी जमकर सराहना की। वाटिका के भीतर बनी झोपड़ी में महिलाओं के साथ सहज माहौल में बैठकर उन्होंने उनके अनुभव सुने और हौसला बढ़ाया।

कलेक्टर ने वाटिका में लगे आम्रपाली आम, जामुन सहित अन्य फलों का स्वाद चखा और उनकी गुणवत्ता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ उत्पादों का बेहतर मार्केट लिंकेज भी जरूरी है, ताकि महिलाओं को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके।

महिलाओं की आय के नए अवसरों को देखते हुए कलेक्टर ने औषधीय पौधों की खेती का सुझाव भी दिया। साथ ही एसडीएम घुघरी सचिन जैन को निर्देश दिए कि उद्यानिकी, कृषि, आजीविका मिशन और मंडी अधिकारियों के साथ संयुक्त भ्रमण कर समूह को आगे बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि ग्राम सकरी का यह मॉडल महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। इस अवसर पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और प्रदान संस्था की टीम भी मौजूद रही।

रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.