निःशुल्क साइकिलों से मिली शिक्षा को नई रफ्तार, 44 छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खिली मुस्कान

मंडला : मंडला जिले के निवास मे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपरिया में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता यतीन्द्र मोहन विश्वकर्मा, भाजपा महामंत्री राकेश रजक, जनपद सदस्य अंजली वरकड़े तथा ग्राम के उपसरपंच उत्तम झरिया और एसएमडीसी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने 44 पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा, संसाधनों के सदुपयोग, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और उल्लास का वातावरण बना रहा।

वक्ताओं ने शिक्षा को बताया जीवन की सबसे बड़ी पूंजी

मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष ने अपने  उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। वहीं यतीन्द्र मोहन विश्वकर्मा ने संसाधनों के महत्व एवं उनके विवेकपूर्ण उपयोग पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। राकेश रजक ने अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

यह कार्यक्रम प्राचार्य डी.के. गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालयीन स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.