पहली ही बारिश में बह गई गुणवत्ता! 1.58 करोड़ की सड़क उखड़ी, जनपद अध्यक्ष ने लकड़ी से घिसकर खोली निर्माण की पोल

मंडला - विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव माल के मंगलू बैगाटोला में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जनमन योजना के तहत करीब 1 करोड़ 58 हजार रुपये की लागत से निर्मित 1.75 किलोमीटर सड़क पहली ही बारिश में जगह-जगह उखड़ने लगी है। सड़क के साथ बनी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों की शिकायत पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गत सिंह भवेदी, उपाध्यक्ष शिवकुमार मिश्रा, जनपद सदस्य श्रवण परते एवं ग्राम पंचायत पंच इमरान खान मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष ने सड़क की सतह को एक छोटी लकड़ी से घिसकर देखा, तो डामर और गिट्टी की परत आसानी से उखड़ने लगी। इस पर मौजूद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुणवत्ता की जांच की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि न तो पर्याप्त रोलर चलाया गया और न ही आवश्यक मोटाई के अनुसार डामर की परत बिछाई गई। ग्रामीणों के अनुसार पतली परत के कारण सड़क पहली बारिश में ही खराब होने लगी।

निर्माण स्थल पर लगे बोर्ड के अनुसार यह कार्य मोहगांव से मंगलू बैगाटोला मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जनमन योजना के तहत कराया गया है। सड़क की लंबाई 1.75 किलोमीटर तथा लागत 100.58 लाख रुपये (लगभग 1 करोड़ 58 हजार रुपये) दर्शाई गई है। निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण तथा ठेकेदार मैसर्स वर्धमान ग्लोबल इंफ्रा प्रा. लि., मंडला है।
जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा सड़क एवं पुलिया का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

अब इस मामले में जिला प्रशासन की भूमिका अहम मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि जनता को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।

रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.