आस्था की राह पर मण्डला के 196 वरिष्ठजन: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मथुरा-वृंदावन के लिए हुए रवाना

मण्डला :  मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं का दल शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा-वृंदावन की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। जिला योजना भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बसों को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को भावभीनी विदाई दी। श्रद्धालुओं का दल बसों के माध्यम से नैनपुर पहुंचा, जहां से आगे की यात्रा रेल मार्ग से की गई। रवाना होने से पहले मंत्री श्रीमती उइके ने सभी तीर्थयात्रियों का पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के दर्शन का अवसर मिलना हर श्रद्धालु के लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनकी आस्था को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के बुजुर्गों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी सहित तीर्थयात्रियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ की।

रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.