शिक्षक विहीन विद्यालयों में भेजे जाएंगे 316 अतिशेष शिक्षक

मंडला - कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित बैगा विकास प्राधिकरण की बैठक में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निर्देश दिए कि जिले के सभी अतिशेष शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकविहीन एवं एक शिक्षक वाली शालाओं में पदस्थ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य की आधारशिला है, इसलिए किसी भी विद्यालय में शिक्षकों की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने ऐसे विद्यालयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जहां वर्तमान में केवल एक अतिथि शिक्षक कार्यरत है तथा जहाँ शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। इन विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्री अरूण शुक्ला ने जानकारी दी कि जिले में कुल 316 अतिशेष शिक्षक चिन्हित किए गए हैं। इनमें मंडला विकासखंड में 163, नैनपुर में 48 तथा नारायणगंज में 37 सहित अन्य अतिशेष शिक्षक शामिल हैं। इन शिक्षकों को शिक्षकविहीन एवं शिक्षक की कमी वाले विद्यालयों में पदस्थ कर अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। बैठक में बैगा समुदाय के विकास, शिक्षा, कल्याण एवं अन्य जनजातीय विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
 
रिपोर्टर - संतोष नंदा 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.