बाज़ार का सफर बना आखिरी सफर: चलती बस में युवक को आया दिल का दौरा, चाबी पहुंचने से पहले थमी सांसें
मंडला : जिंदगी कब और किस मोड़ पर अपना साथ छोड़ दे, इसका किसी को अंदाजा नहीं होता। मंडला-डिंडौरी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक ऐसा ही हृदयविदारक मामला सामने आया, जिसने बस में सवार यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। ग्राम राई का एक युवक खैराबाली बस से चाबी बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन बाजार पहुंचने से पहले ही उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और चलती बस में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम राई निवासी युवक रोजमर्रा की तरह चाबी बाजार जाने के लिए बस में सवार हुआ था। बस सामान्य गति से राई से चाबी की ओर बढ़ रही थी। बस में सवार यात्री आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक युवक की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उसे दिल का दौरा पड़ा और कुछ ही देर में उसकी सांसें थम गईं।
युवक की अचानक मौत से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक और परिचालक ने स्थिति को समझते हुए बस को चाबी उपका के पास सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर मंडला की ओर रवाना किया गया।
परिजनों को दी गई घटना की सूचना
घटना के बाद बस चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए मृतक युवक के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें बस में युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
बस चालक, परिचालक और स्थानीय लोग मृतक के परिजनों के पहुंचने का इंतजार करते रहे। बाजार जाने के लिए घर से निकले एक स्वस्थ व्यक्ति की अचानक रास्ते में मौत हो जाने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
इस घटना ने एक बार फिर जिंदगी की अनिश्चितता को सामने ला दिया। घर से सामान्य रूप से बाजार के लिए निकला युवक यह सोच भी नहीं सकता था कि उसका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.