माटी से गढ़ी गणेश प्रतिमा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंडला : गणेश चतुर्थी पर्व को पर्यावरण अनुकूल बनाने तथा नदी, तालाब सहित जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, मंडला एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘माटी गणेश-सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत ग्राम भटगांव में एक दिवसीय माटी गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम विकासखंड समन्वयक श्री सूरज बर्मन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान के कार्यक्रम समन्वयक श्री आरूणी सिंगरोरे ने सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्वयं प्रतिमा बनाकर निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों से भी प्रतिमा निर्माण का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर परामर्शदाता श्री देवेंद्र वरकड़े, श्री जय प्रकाश झारिया, सामाजिक कार्यकर्ता श्री विजय सरवटे, समिति सदस्य श्री छत्तू मरावी, श्री भागसिंह कुलस्ते, श्री समर कुमार सहित नवांकुर साखियों एवं अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
पीओपी प्रतिमाओं से बचने की अपील
कार्यक्रम में प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं रासायनिक रंगों से निर्मित प्रतिमाओं के जल स्रोतों में विसर्जन से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने और घर पर ही गमले, टब अथवा बड़े पात्र में विसर्जन करने की अपील की गई। विसर्जन के बाद बची मिट्टी का उपयोग पौधों एवं गमलों में किया जा सकता है।
गांव-गांव पहुंचेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सामाजिक कार्यकर्ताओं से माटी गणेश निर्माण की कला को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अभियान का उद्देश्य आस्था और परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.