पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित

मंडला - पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी की प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर एवं प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की सुविधाओं तथा उनके सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित मार्गदर्शन, अभ्यास एवं आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही एआई टूल्स आधारित ज्ञान भी
 
बच्चों को दिया जाए जिससे आने वाले समय के लिए वे पूर्णतः तैयार हो सकें।
 
कलेक्टर श्री धोटे ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े विषयों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया से प्रभावित एवं जोखिम वाले बच्चों के लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों के आभा आईडी बनाए जाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में नियमित योगासन सत्र आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने की बात कही। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीईओ श्रीमती मुन्नी वरकड़े, प्राचार्य श्री सुनील राय सहित विभिन्न अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
 
रिपोर्टर - संतोष नंदा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.