जनविश्वास शिविर के तहत ग्राम घुघरा में हुआ जनसंवाद
मंडला : जनविश्वास शिविर के अंतर्गत ग्राम घुघरा में जनसंवाद आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही उद्यम संवाद, कृषक संवाद और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के अनुभवों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका एवं आर्थिक सशक्तिकरण पर चर्चा की गई।
जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करें - कलेक्टर
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि जनविश्वास शिविर का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के करीब लाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
ग्रामीण विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण - श्री संजय कुशराम
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि गांवों का समग्र विकास ग्रामीणों की सहभागिता और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संभव है। जनसंवाद शिविर ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने, विकास संबंधी सुझाव देने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा गाँव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उद्यम संवाद में स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा
शिविर में उद्यम संवाद के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को अपनी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कृषक संवाद में किसानों की समस्याओं पर चर्चा
कृषक संवाद के दौरान किसानों से कृषि संबंधी आवश्यकताओं, समस्याओं और योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा की गई। किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
एनआरएलएम की दीदियों ने सुनाई आत्मनिर्भरता की कहानी
शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूहों से जुड़ने और आजीविका गतिविधियों में भागीदारी से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और परिवार के निर्णयों में अपनी भूमिका मजबूत करने में मदद मिली है।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष श्री संतोष सोनू भलावी, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, डीएफओ श्री एमएस मौर्य, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संतोष नंदा

No Previous Comments found.