अयोध्या और काशी के दर्शन करेंगे मण्डला के 196 बुजुर्ग कलेक्टर व नपा अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मंडला : राज्य शासन की जनकल्याणकारी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के तहत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या एवं बनारस (काशी) की धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। जिला योजना भवन परिसर से नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा एवं कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को विदा किया।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री कछवाहा एवं कलेक्टर श्री धोटे ने सभी तीर्थयात्रियों का पुष्पहार व पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बुजुर्गों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। जिला मुख्यालय से सभी श्रद्धालुओं को बसों के माध्यम से नैनपुर रेलवे स्टेशन ले जाया गया, जहाँ से वे विशेष रेलगाड़ी द्वारा अपने गंतव्य तीर्थ स्थल अयोध्या और बनारस के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रियों की सुविधा और देखरेख के लिए दल के साथ प्रशासन द्वारा अनुरक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मण्डला श्री शैलेंद्र चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा तीर्थयात्रियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। तीर्थयात्रा पर जाने को लेकर बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्टर : संतोष नंदा

No Previous Comments found.