नाबालिगों को बेची जा रही शराब, वीडियो हो रहा वायरल
मिर्जापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के एमपी सीमा पर स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में सरकारी देशी शराब व बीयर की दुकान पर सेल्समैन द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए धड़ल्ले से नाबालिगों को शराब बेची जा रही है।जिसका वीडियो सोमवार को किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में शराब की दुकान पर अन्य लोगों के साथ दो तीन नाबालिग शराब लेने के लिए खड़े हैं। दुकान के भीतर मौजूद सेल्समैन द्वारा नाबालिगों को शराब दी जा रही है। पहाड़ के ऊपर बसे भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में बहुतायत संख्या में कोल आदिवासी लोग निवास करते हैं। बिना रोक-टोक के कम उम्र में नाबालिगों को शराब बेचना गैर कानूनी है लेकिन शराब के दुकानदार द्वारा मनमानी तरीके से नियमों को ताख पर रखते हुए खुलेआम नाबालिगों को शराब की बिक्री की जा रही है। जिसके चलते कम उम्र में नाबालिग नशे का शिकार हो रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी कभी भी शराब की दुकानों का निरीक्षण नही करते है जिससे नाबालिग नशे के लती होते जा रहे हैं। जिसके चलते वह मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ हो रहे हैं। ग्रामीणों ने वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर देशी शराब के दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में आबकारी निरीक्षक सौरभ वर्मा ने बताया कि वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर देशी शराब के दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अंकित मिश्रा
No Previous Comments found.