राजस्व एवं खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों,, फार्मर रजिस्ट्री और आगामी धान खरीदी की तैयारियों की हुई समीक्षा

मोहला - जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन, कृषि खसरों एवं रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों, डिजिटल क्रॉप सर्वे मोबाइल एप की प्रगति तथा राजस्व अभिलेखों के संधारण की स्थिति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कार्यों के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती सलाम ने राजस्व विभाग के अंतर्गत राजस्व प्रकरणों, भू-अर्जन प्रकरणों, नक्शा बटांकन, अभिलेखों की शुद्धता तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े प्रकरण आम नागरिकों से सीधे संबंधित होते हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा आम नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसान पंजीयन, रकबा समर्पण तथा धान खरीदी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, पूरी प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अनियमितताओं की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने पर विशेष निर्देश दिए। साथ ही किसान पंजीयन एवं रकबा संबंधी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने और धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं विभागीय कार्यों का लाभ पात्र हितग्राहियों और किसानों तक समय पर पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे,संयुक्त कलेक्टर श्री सुमीत गर्ग सहित राजस्व एवं खाद्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संवाददाता - पुनेश्वर देवांगन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.