बरकुरवा के पास एनएच पर जल-जमाव विधायक ने समाधान के लिए केंद्रीय मंत्रालय को पत्र भेजा

पीपराकोठी : स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार ने बरकुरवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (नया एनएच-27) पर जल-जमाव और सर्विस रोड के अभाव की समस्या को लेकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार को पत्र भेजा है। उन्होंने इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पीपराकोठी चौक इस राजमार्ग का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से करीब 500 मीटर दूर स्थित बरकुरवा गांव के लगभग 5000 लोगों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चौक के आसपास नालों का निर्माण अधूरा और त्रुटिपूर्ण होने के कारण करीब 500 मीटर क्षेत्र में सड़क पर घुटने भर पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
विधायक ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा टैंकर से पानी निकालने की व्यवस्था की जाती है, लेकिन यह केवल अस्थायी समाधान है। स्थायी व्यवस्था के अभाव में समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में सर्विस रोड नहीं होने के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सीधे मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जल-जमाव के कारण गंदे पानी से होकर गुजरने की मजबूरी से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है, वहीं सड़क पर बने गड्ढों से लोग चोटिल हो रहे हैं।
विधायक ने मंत्रालय से बड़े नाले और सर्विस रोड के शीघ्र निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। इस पत्र की प्रतिलिपि सांसद राधामोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित हो सके।

रिपोर्टर : आलोक शर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.