4 अक्टूबर को 10,309 उम्मीदवारों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, जिनमें से 5,187 अनुकंपा से चयनित

मुंबई : वर्षों से लंबित पड़ी अनुकंपा नियुक्तियों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तक्षेप के बाद अब यह प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 4 अक्टूबर को कुल 10,309 उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से 5,187 उम्मीदवार अनुकंपा आधार पर चयनित हुए हैं। वहीं, 5,122 उम्मीदवारों को एमपीएससी के माध्यम से मिली नियुक्तियों का प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

सरकारी सेवा के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को अनुकंपा आधार पर नौकरी देने की व्यवस्था है। लेकिन, लंबे समय से तकनीकी व प्रशासनिक कारणों से ये नियुक्तियां अटकी हुई थीं। परिणामस्वरूप हजारों परिवारों को इंतजार करना पड़ा। इस पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने विशेष ध्यान देते हुए सामान्य प्रशासन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए। लगातार बैठकों और नए अनुकंपा नीति के चलते अब यह बड़ा अनुशेष समाप्त होने जा रहा है।

मुख्य कार्यक्रम मुंबई में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार उपस्थित रहेंगे। वहीं, राज्य के पालकमंत्री अपने-अपने जिलों में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के तहत सबसे अधिक नियुक्तियां कोकण क्षेत्र में 3,078, उसके बाद विदर्भ में 2,597, मराठवाड़ा में 1,710, पुणे में 1,674 और नाशिक में 1,250 उम्मीदवारों को मिलने जा रही हैं।

यह कदम मुख्यमंत्री फडणवीस के प्रशासनिक सुधारों के 100 और 150 दिन के विशेष अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। यह आयोजन राज्य की नियुक्ति प्रक्रिया के इतिहास में एक अनोखा और ऐतिहासिक दिन साबित होगा।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.