मुंब्रा आग हादसे पर नगर सेविका दीपाली भगत का बयान, एक स्थान पर सभी पालिका कार्यालय लाने की मांग

मुंब्रा : प्रभाग क्रमांक 26 की नगर सेविका दीपाली मोतीराम भगत (NCP-SP) ने सहयोग अपार्टमेंट में लगी आग की घटना को लेकर पत्रकारों से विशेष बातचीत में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि घटना के समय वे महा सभा में मौजूद थीं। वहीं से निकलते समय उन्हें फोन कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि सहयोग अपार्टमेंट स्थित पूर्व महानगर पालिका कार्यालय में आग लग गई है। दीपाली भगत ने कहा कि सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत एएमसी (सहायक आयुक्त) से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और स्थिति पर नजर बनाए रखी। उन्होंने इस घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि “एक ही स्थान पर आग लगना कई सवाल खड़े करता है, यह एक रहस्यमयी घटना भी हो सकती है। जब तक पुलिस और दमकल विभाग की पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।” उन्होंने आगे बताया कि इस घटना के मद्देनज़र वे जल्द ही महानगर पालिका आयुक्त के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखेंगी। यह प्रस्ताव NCP-SP के विधायक जितेंद्र आव्हाड के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें मांग की जाएगी कि वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे महानगर पालिका के सभी विभागों को एक ही स्थान पर समेकित किया जाए और एक सुसज्जित एकीकृत महानगर पालिका भवन का निर्माण किया जाए। दीपाली भगत ने कहा कि यदि सभी विभाग एक ही परिसर में होंगे, तो प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सकेगा।

रिपोर्टर : साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.