ठाणे में खौफनाक मर्डर शिवसेना (उद्धव गुट) नेता प्रदीप पूर्णेकर पर 7 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद वारदात

ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मानपाड़ा इलाके में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। इस मामले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है—नए सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों द्वारा 7 राउंड फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे पूर्णेकर अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद धारदार हथियार से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना से पहले सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर स्कूटी से कार्यालय की ओर जाते हुए दिखाई दिए थे। अब एक नया वीडियो सामने आया है, जो पास के एक मेडिकल स्टोर के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। इस वीडियो में साफ तौर पर लगातार 7 गोलियां चलने की आवाज सुनाई देती है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमले में एक से अधिक हमलावर शामिल थे।
पहले यह जानकारी सामने आई थी कि केवल 4 राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें दो गोलियां पूर्णेकर के सीने में लगी थीं। लेकिन नए फुटेज ने इस हत्याकांड की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।
गोलीबारी के बाद स्थानीय लोग और कार्यकर्ता उन्हें अस्पताल ले जाते हुए भी इस फुटेज में नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और राजनीतिक हलकों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
कपूरबावड़ी पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। क्राइम ब्रांच की कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
फिलहाल, इस हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।


रिपोर्टर :  साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.