अंबरनाथ में 25 दिन के मासूम बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 4 घंटे में सकुशल छुड़ाया; 4 आरोपी गिरफ्तार!

मुंबई - अंबरनाथ पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर 25 दिन के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता संतोष अशोक वाघे ने अंबरनाथ रेलवे स्टेशन परिसर में भीख मांगने और गुब्बारे बेचने का काम करने वाली महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 10 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे गणपति मंदिर के पास, स्वामीनगर,अंबरनाथ पश्चिम इलाके में उनका 25 दिन का बच्चा मौजूद था।

आरोप है कि एक महिला ने बच्चे को जबरन अपने कब्जे में लेकर उसका अपहरण कर लिया और उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद बच्चे के परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंबरनाथ पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया। तकनीकी जांच और प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर बच्चे को मुंबई के धारावी इलाके से बरामद किया। प्रेस नोट के मुताबिक, अपहरण के करीब चार घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।

इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कथित तौर पर बच्चे को ले जाने वाली महिला और अन्य तीन आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुंबई के धारावी इलाके की एक महिला भी शामिल बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अशुतोष डुंबरे, पुलिस सह-आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, अपर पुलिस आयुक्त संजय जाधव और झोन ४ के उपायुक्त सचिन गोरे, एसीपी शैलेश काले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंबरनाथ पुलिस की टीम ने की।

नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट पर आधारित है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।


रिपोर्टर - साबिर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.