गोवंडी में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई के गोवंडी इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गोवंडी इलाके में घटी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। शिकायतकर्ता इरफान यामीन अंसारी (उम्र 43 वर्ष, व्यवसाय- सैलून, निवासी- शिवाजी नगर, गोवंडी) का बेटा उबेद, गोवंडी के प्लॉट नंबर 50, रोड नंबर 06 पर स्थित 'फेमस जनरल स्टोर' के सामने मौजूद था।

इसी दौरान वहां रहने वाले एक 19 वर्षीय आरोपी ने उबेद पर चाकू से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में उबेद गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी जान चली गई।

मृतक के पिता इरफान अंसारी की शिकायत के आधार पर शिवाजीनगर पुलिस ने 11 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 897/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 103(1), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(ए) और 135 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर : मोहम्मद सलीम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.