अंबरनाथकरों के लिए बड़ी खुशखबरी! ग्रीन सिटी मैदान में बनेगा भव्य ओलंपिक स्विमिंग पूल और क्रिकेट स्टेडियम, विकास कार्य को मंजूरी
अंबरनाथ : अंबरनाथ के नागरिकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ग्रीन सिटी मैदान में भव्य ओलंपिक आकार का स्विमिंग पूल और क्रिकेट स्टेडियम बनाने के महत्वपूर्ण विकास कार्य को मंजूरी मिल गई है। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के प्रयासों तथा विधायक डॉ. बालाजी किणीकर के सहयोग से स्थानीय नगरसेवक सचिन शांताराम गुंजाल और नगरसेविका स्वाति अतिश पाटील के विशेष प्रयासों को सफलता मिली है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नागरिकों को कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनमें ओलंपिक आकार का भव्य स्विमिंग पूल, क्रिकेट स्टेडियम, विशाल जॉगिंग ट्रैक और अलग पार्किंग व्यवस्था शामिल है। इस परियोजना से क्षेत्र के युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों को खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
परियोजना के भूमिपूजन समारोह की तैयारियों के मद्देनजर ग्रीन सिटी मैदान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अंबरनाथ नगर परिषद के अतिरिक्त मुख्याधिकारी मयुरेश भुजबळ, सिटी इंजीनियर राजेंद्र तडवी और इंजीनियर विशाल राठौड़ के साथ स्थानीय नगरसेवक सचिन गुंजाल तथा महिला एवं बाल कल्याण सभापति नगरसेविका स्वाति अतिश पाटील मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान मैदान की व्यवस्था, नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं, कार्यक्रम के नियोजन और भूमिपूजन समारोह की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अतिश पाटील, महाराष्ट्र कामगार संघ के महाराष्ट्र सचिव नितिन शांताराम गुंजाल और उद्यमी किशोर सरखोदे भी उपस्थित रहे।
यह परियोजना केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि अंबरनाथ के युवाओं, खिलाड़ियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो सकती है। परियोजना पूरी होने के बाद अंबरनाथ के खेल क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अंबरनाथ के विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम!
रिपोर्टर - साबिर शेख

No Previous Comments found.