दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर यातायात व्यवस्था की तैयारी तेज
पाकुर : आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में सुगम एवं जाममुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मंगलवार को जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, साइमन मरांडी पाकुड़, जिला परिवहन पदाधिकारी,मोजाहिद अंसारीअनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कुमार गौरव नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू पाकुड़, मुफस्सिल, थाना प्रभारी गौरव कुमार यातायात प्रभारी राकेश कुमार पाकुड़ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए वाहनों के सुव्यवस्थित परिचालन, पार्किंग व्यवस्था, रोड डायवर्जन, प्रवेश एवं निकासी मार्ग तथा यातायात नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने टोटो एवं ऑटो के निर्धारित पड़ाव, चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के पार्किंग स्थलों तथा आम नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इसके अलावा मुफस्सिल थाना की ओर से पाकुड़ शहर आने वाले वाहनों, मालपहाड़ी की ओर से आने वाले वाहनों तथा पाकुड़ शहर से मुफस्सिल एवं मालपहाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों के निर्धारित रूट एवं पड़ाव को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
पर्व से पूर्व जारी होगा विस्तृत ट्रैफिक प्लान
पर्व प्रारंभ होने से पूर्व आम नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए रोड मैप एवं विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं लागू करने पर सहमति बनी। निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल, वाहन पड़ाव एवं रोड डायवर्जन से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा, ताकि लोगों को पहले से यातायात व्यवस्था की जानकारी मिल सके और पर्व के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके।अनुमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों एवं विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा निर्धारित ट्रैफिक प्लान एवं रोड मैप को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि पर्व के दौरान निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं जाममुक्त आवागमन सुनिश्चित करना है, ताकि सभी लोग शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें।
रिपोर्टर : पंकज भगत

No Previous Comments found.