घर में घुसा अनियंत्रित कोयला लदा हाइवा, बाल-बाल बचा परिवार
पलामू : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर तेज रफ्तार कोयला लदा हाइवा अनियंत्रित होकर शिव साव के घर में जा घुसा। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
बताया जाता है कि हादसे के समय घर के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। इसी वजह से परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि हाइवा के घर में घुस जाने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और सामान भी टूट-फूट गया।
हादसे में हाइवा चालक रितेश यादव (26 वर्ष), पिता-विजेंद्र यादव, ग्राम भैंसादोन, थाना-बालूमाथ, जिला-लातेहार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान उसका पैर वाहन में फंस गया था। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कटर मशीन से वाहन का हिस्सा काटकर चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग हादसे को लेकर दहशत में दिखे।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय

No Previous Comments found.