तरहसी में बदहाल बिजली व्यवस्था पर आंदोलन की चेतावनी : चेंबर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद
पलामू : तरहसी चेंबर अध्यक्ष सह मुखिया प्रत्याशी गोपाल प्रसाद ने प्रखंड मुख्यालय में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि अविलंब विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन किया जाएगा। गोपाल प्रसाद ने कहा कि तरहसी प्रखंड मुख्यालय जिले का एक प्रशासनिक केंद्र है, जहां थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डिग्री कॉलेज सहित दो उच्च विद्यालय व सरकारी कार्यालय संचालित हैं। इसके बावजूद क्षेत्र के लोग अनियमित बिजली आपूर्ति से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार बिजली कटने से आम जनता के साथ-साथ विद्यार्थियों, मरीजों और सरकारी कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए विद्यालय में बड़े-बड़े डिजिटल उपकरण व क्लास रूम बनाए गए हैं लेकिन बिजली कटौती के कारण सभी बेकार पड़े हैं। और डिग्री कॉलेज में डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बिजली नहीं रहने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं अस्पतालों में इलाज कराने पहुंचे मरीजों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को भी बिजली संकट के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गोपाल प्रसाद ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि प्रखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर परसावां विद्युत ग्रिड स्थित है, बावजूद इसके मुख्यालय क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ गांवों में बिजली की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, जबकि मुख्यालय क्षेत्र के लोग लगातार परेशानी झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जहां से अवैध वसूली की जाती है, वहां बिजली व्यवस्था बेहतर रखने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बिजली विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा
No Previous Comments found.