झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत पांकी में किसान पंजीकरण शिविर, व अरहर बीज का भी हुआ वितरण

पांकी : झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत बुधवार को पांकी प्रखंड कृषि केंद्र परिसर में किसानों के पंजीकरण के लिए प्रखंड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को श्री अन्न (मिलेट) की खेती से जोड़ना तथा उन्हें सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) शशिरंजन कुमार ने बताया कि शिविर में किसानों को मिलेट मिशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनका पंजीकरण किया गया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। अधिकतम 5 एकड़ तक की खेती के लिए 15,000 रुपये तक प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय पर पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं और श्री अन्न की खेती को अपनाएं। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पोषण सुरक्षा एवं जलवायु अनुकूल कृषि को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और योजना की जानकारी प्राप्त कर अपना पंजीकरण कराया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए इस प्रकार के जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी अवसर पर पांकी प्रखंड के सभी पंचायतों के किसानों के लिए निःशुल्क अरहर बीज का वितरण भी किया गया। प्रखंड कृषि केंद्र में सगालिम, आसेहार, नावडीहा सहित अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सहमति से किसानों के बीच अरहर बीज वितरित किया गया। विभाग ने किसानों से उन्नत बीजों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

रिपोर्टर : अमित कुमार  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.