सड़क हादसे में घायलों के लिए मददगार बने पूर्व विधायक बिट्टू सिंह, एंबुलेंस बुलाकर पहुंचवाया अस्पताल
नीलांबर-पीतांबरपुर : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ स्थित बसौरा में रविवार को हुए सड़क हादसे में पांकी के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त युवकों को देखकर उन्होंने अपना वाहन रोका और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच पहुंचाने में मदद की। हालांकि, इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, मुंदरिया गांव के तीन युवक अपाची बाइक पर सवार होकर कपड़ा खरीदने लेस्लीगंज जा रहे थे। इसी दौरान बसौरा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुश सिंह, राकेश सिंह और गोलू सिंह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा देखकर तत्काल रुके पूर्व विधायक
इसी दौरान पांकी के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह वहां से गुजर रहे थे। सड़क हादसे में युवकों को घायल अवस्था में देखकर उन्होंने बिना देर किए अपना वाहन रोका। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, ताकि उन्हें जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सके। संकट की इस घड़ी में पूर्व विधायक की यह तत्परता घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायक बनी।
इलाज के दौरान एक युवक ने तोड़ा दम
घायलों को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गोलू सिंह, पिता सत्येंद्र सिंह, को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
बताते चले की तीनों लोग मुंदरिया दुर्गा पूजा के सदस्य थे इन लोग तीनों कपड़ा लेने जा रहे थे बाजार तब यह घटना घटी
घटना की सूचना मिलने पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय

No Previous Comments found.