डुगडुगी बजाकर इश्तिहार चिपकाया, सरेंडर नहीं करने पर संपत्ति कुर्क की चेतावनी

लेस्लीगंज : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पचमो गांव में शादी का  झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने जैसे गंभीर मामले में फरार अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, अभियुक्त सोनू कुमार यादव (उम्र 20 वर्ष), पिता अशोक यादव, निवासी ग्राम पचमो, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू, गिरफ्तारी के डर से लंबे समय से फरार चल रहा है। सोमवार को पुलिस ने गांव में डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई और अभियुक्त के घर पर न्यायालय से निर्गत इश्तिहार विधिवत चिपकाया।

इस दौरान अभियुक्त के परिजन मौके पर मौजूद रहे। इश्तिहार तामिला की पूरी कार्रवाई अनुसंधानकर्ता विक्रम शील एवं सशस्त्र बल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
यह मामला लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 153/2025, दिनांक 26.10.2025 के तहत दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 126(2), 115(2), 64(1) तथा SC/ST एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अभियुक्त शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क (जब्त) की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

रिपोर्टर : अवध किशोर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.