कृषक कल्याण वर्ष 2026 कृषकों के दो दिवसीय जिला स्तरीय सेमिनार का किया शुभारंभ
पन्ना : शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस क्रम में उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग पन्ना द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषक सेमिनार आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, कलेक्टर ऊषा परमार एवं जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने गत गुरूवार को शहर के एक निजी होटल में सेमिनार का शुभारंभ किया और कृषकों को परम्परागत खेती के स्थान पर तकनीक और नवाचार के जरिए गुणवत्तायुक्त फसल उत्पादन प्राप्त करने की सलाह दी। उद्यानिकी विभाग द्वारा कृषि एवं किसान हित में इस प्रशिक्षण को सराहनीय बताया गया तथा किसानों को महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारियां प्राप्त कर बेहतर कृषि उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रगतिशील कृषक निरंतर रूप से नया सीखने की कोशिश करें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कृषि कार्य में नवाचारी तकनीक को बढ़ावा देने सहित कृषक कल्याण के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक कृषि उत्पाद स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य हित के लिए भी लाभकारी हैं। जिपं अध्यक्ष ने उपस्थित किसानों से अन्य कृषकों तथा परिवार के सदस्यों को भी प्रशिक्षण के दौरान मिली उपयोगी जानकारी साझा करने की अपील की।
जिला कलेक्टर ने सेमिनार के अवसर पर कहा कि अधिक फसल के लिए रासायनिक खाद एवं उर्वरक का अधिकाधिक उपयोग हानिकारक है। इसलिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास करें। इसमें नीम की खली, गौमूत्र, मठा इत्यादि घरेलू तरीकों का उपयोग करना भी लाभकारी है। यह महंगी खाद की अपेक्षा सुलभ रूप से उपलब्ध हो सकने वाला अच्छा विकल्प है। उन्होंने कृषकों के सार्थक प्रयासों की सराहना कर नई पीढ़ी के बच्चों को भी इस दिशा में पहल करने के लिए कहा। जिला कलेक्टर ने किचिन गार्डन जैसी तकनीक में भी वैज्ञानिक विधि के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने किसानों से संवाद कर कृषि पैदावार व उत्पादन की जानकारी प्राप्त की। जिला पंचायत सीईओ ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती में नवाचार अपनाने की सलाह दी और विभाग की टीम की सराहना कर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ तथा अन्य विभागीय योजनाओं में अनुदान का लाभ किसानों को सुलभ तरीके से प्रदान करने की बात कही। प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक रणविजय सिंह द्वारा सब्जियों की खेती में जैविक खेती के उपयोग पर व्याख्यान दिया गया। सहायक संचालक उद्यान पी.के. श्रीवास्तव द्वारा विभागीय हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। प्रथम दिवस पन्ना, गुनौर एवं अजयगढ़ के 130 कृषक सेमिनार में शामिल हुए। प्रशिक्षण में उद्यानिकी अधिकारी संजीत सिंह बागरी, बनवारी कुशवाह, विनोद तिवारी, रामस्वरूप वर्मा, निधि बागरी एवं सोनाली असाटी भी उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर : रफ़ी

No Previous Comments found.