सरस्वती शिशु मंदिर पवई में संकुल स्तरीय पांच दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का शुभारंभ
पवई : सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई में संकुल स्तरीय पांच दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का गरिमामय शुभारंभ संपन्न हुआ। शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि, शिक्षण पद्धतियों के सुदृढ़ीकरण तथा आचार्यों के कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित इस अभ्यास वर्ग में अमानगंज, सुनवानी कला, गुनौर एवं पवई के आचार्य बंधु एवं दीदीजी सहभागी बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं कवि श्री रघुवीर तिवारी जी, विद्यालय के व्यवस्थापक श्री भवानी प्रसाद पटेल जी तथा प्राचार्य श्री राजेंद्र कुमार तिवारी जी द्वारा मां वीणावादिनी सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री रघुवीर तिवारी जी ने कहा कि “आचार्य केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। निरंतर अभ्यास, स्वाध्याय एवं आत्मविकास के माध्यम से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।”
विद्यालय के व्यवस्थापक श्री भवानी प्रसाद पटेल जी ने अपने उद्बोधन में शिक्षण कार्य में समर्पण, अनुशासन तथा सनातन संस्कारों के समावेश पर बल देते हुए आचार्यों को समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वहीं अमानगंज के प्राचार्य श्री पुरुषोत्तम माली जी ने अभ्यास वर्ग की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की दक्षता और कार्यकुशलता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्री राजेंद्र कुमार तिवारी जी ने किया तथा आचार्य श्री महेश मिश्रा जी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अमानगंज के प्राचार्य श्री पुरुषोत्तम माली जी एवं सुनवानी कला के प्राचार्य श्री महेश मिश्रा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह अभ्यास वर्ग आगामी पांच दिनों तक विभिन्न सत्रों में संचालित होगा, जिनमें प्रातः स्मरण एवं वंदना, शिक्षण योजना (Lesson Planning), प्रयोगात्मक गतिविधियां, विभागीय एसओपी तथा कंप्यूटर आधारित शिक्षा जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह अभ्यास वर्ग आचार्यों के ज्ञान, कौशल एवं शिक्षण दक्षता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी
No Previous Comments found.