दुकान में रात्रि के समय घुसकर चोरी करने वाला अपचारी बालक अभिरक्षा में
पवई : फरियादी प्रमोद लखेरा पिता स्व. मूलचंद्र लखेरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 पवई द्वारा थाना पवई में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी मनिहारी की दुकान है। दिनांक 23 अगस्त 2026 की रात्रि में अज्ञात व्यक्ति दुकान के अंदर घुसकर काउंटर में रखी नगद राशि चोरी कर ले गया। घटना के समय फरियादी दुकान के अंदर ही सो रहे थे।
फरियादी द्वारा दुकान में पूर्व से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति दुकान के काउंटर से नगद राशि चोरी करते हुए दिखाई दे रहा था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पवई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामला संपत्ति संबंधी अपराध का होने से पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू द्वारा थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को प्रकरण में तत्परता से साक्ष्य संकलित कर आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार साक्ष्य संकलित किए गए। साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान की गई, जो अपचारी बालक होना पाया गया।
पुलिस द्वारा दिनांक 23/09/2026 को अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी की घटना करना स्वीकार किया गया तथा चोरी की राशि से सेकंड हैंड मोबाइल खरीदना बताया गया। पुलिस द्वारा अपचारी बालक के कब्जे से चोरी की राशि से खरीदा गया मोबाइल एवं शेष ₹11,000/- नगद बरामद किए गए।
विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए अपचारी बालक को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से प्राप्त आदेश के पालन में उसे बाल संप्रेषण गृह, छतरपुर भेजा गया।
चोरी की घटना का खुलासा होने एवं आरोपी के पकड़े जाने पर फरियादी द्वारा पवई पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक दुलीचंद जैन, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत चौधरी (एसडीओपी कार्यालय पवई), आरक्षक राजेश बरखने एवं महिला आरक्षक खुशबू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : सुरेश संगम द्विवेदी

No Previous Comments found.