"पन्ना-कटनी हाईवे पर वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग ने शुरू की त्वरित जांच"

पवई : दक्षिण पन्ना वनमण्डल अंतर्गत पवई रेंज में शिकारपुरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग NH 43 पर आज रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक तेंदुए की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना रात्रि लगभग 9:35 बजे प्राप्त होते ही पवई वन परिक्षेत्र की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई एवं लगभग 9:50 बजे तक घटनास्थल पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित रूप से घेराबंदी कर संरक्षित कर दिया गया। वन विभाग द्वारा सावधानी पूर्वक तेंदुए के शरीर का प्रारंभिक परीक्षण किया गया, जिसमें श्वसन,आंखों की पुतलियों की प्रतिक्रिया, सीने की गतिविधि एवं अन्य जीवन संकेत नहीं पाए गए। दुर्घटना में तेंदुए को गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं।

घटनास्थल को कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है, जिससे शव एवं अन्य साक्ष्य सुरक्षित रह सकें। वन विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है तथा रात्रि से ही वनकर्मियों की ड्यूटी लगाकर स्थल की निगरानी सुनिश्चित की गई है। साथ ही वन विभाग की एक अन्य टीम तत्काल शाहनगर के समीप स्थित टोल प्लाजा पहुंची, जहां CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग का परीक्षण कर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वन विभाग द्वारा पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड को भी प्रातः घटनास्थल पर बुलाया गया है। डॉग स्क्वाड एवं अन्य आवश्यक जांच प्रक्रियाओं के उपरांत तेंदुए के शव को सड़क से हटाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित SOP एवं प्रोटोकॉल के अनुसार शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) कराया जाकर विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। वन विभाग द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

संवाददाता : सुरेश कुमार द्विवेदी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.