11 वर्षों की सेवा के बाद भावुक विदाई, सेवानिवृत्त हुए परियोजना अधिकारी डी.सी. अहिरवार

पवई : पवई महिला एवं बाल विकास विभाग पवई में करीब 11 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले परियोजना अधिकारी दुर्गा चरण अहिरवार मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में अभिराज पैलेस में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों की मौजूदगी में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री अहिरवार के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके कार्यों और व्यवहार की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि विभागीय कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना और सभी के साथ सहज एवं सौम्य व्यवहार उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही।
समारोह में पन्ना जिला कार्यक्रम अधिकारी अवधेश सिंह, पवई जनपद पंचायत सीईओ अखलेश उपाध्याय, कार्यवाहक परियोजना अधिकारी श्रद्धा श्रीवास्तव, सुपरवाइजर अंजू त्रिपाठी, राजेंद्र बाबू, हिमांशु चौरसिया सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फूल-माला, शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सेवानिवृत्त परियोजना अधिकारी का सम्मान किया। इस दौरान कई कर्मचारी अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक नजर आए। लंबे समय तक साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की यादें साझा करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ, सुखमय एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
मंच संचालन सुपरवाइजर अंजू त्रिपाठी ने किया। समारोह के अंत में सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं अतिथि एक साथ भोजन में शामिल हुए और आत्मीय माहौल में परियोजना अधिकारी दुर्गा चरण अहिरवार को भावभीनी विदाई दी।

रिपोर्टर : सुरेश संगम द्विवेदी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.